जेल से छूटते ही फिर लूटपाट, चेन स्नेचिंग का आरोपी गिरफ्तार

0
41

जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस और सीएसटी टीम ने चेन स्नेचिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए वांछित आरोपी राजकुमार लखेड़ा उर्फ राजू (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जो चोरी की निकली। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह जेल से जमानत पर छूटने के कुछ ही दिनों बाद फिर वारदात करने लगा था।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को जवाहर नगर सेक्टर-3 में मंदिर जा रही बुजुर्ग महिला शकुंतला गुप्ता के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली थी। घटना में चेन का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा बदमाश ले गए थे। इस संबंध में जवाहर नगर थाने में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू और चोरी की चेन खरीदने वाले विष्णु सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया था। इसके बाद फरार चल रहे आरोपी राजकुमार लखेड़ा उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर बुजुर्ग महिलाओं और सुनसान स्थानों पर पैदल चलने वाली महिलाओं को निशाना बनाता था। वारदात के बाद दोनों आरोपी आगरा रोड की ओर फरार हो जाते थे और छीनी गई सोने की चेन को परिचित सुनार को आधी कीमत पर बेच देते थे। उससे मिले पैसे नशे और मौज-मस्ती में खर्च करते थे। पुलिस के अनुसार राजकुमार लखेड़ा 2 जुलाई 2026 को दौसा जेल से जमानत पर रिहा हुआ था और जेल से बाहर आते ही फिर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और चेन स्नेचिंग के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here