जयपुर। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत म्यूल अकाउंट (साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से साइबर अपराध में उपयोग किया जा रहा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के बदले अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध, संगठित अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संदिग्ध बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त अंजू के सुपरविजन में विश्वकर्मा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह नरूका के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने आई4सी के साइबर पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराध में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट और मोबाइल नंबरों की पहचान की। जांच के दौरान म्यूल अकाउंट के मूल खाताधारक जितेंद्र सैनी (21) निवासी सवाई माधोपुर, हाल निवासी हरमाड़ा, जयपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उन्हें कमीशन के आधार पर साइबर ठगों को उपलब्ध कराता था। वह स्वयं भी इन खातों से जुड़े यूपीआई माध्यम का उपयोग कर लेनदेन करता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के मामलों की जांच कर रही है।

















