जयपुर। सुभाष चौक थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के पांच हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी मुस्तकीम (37) को हरियाणा के नूह मेवात जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को हरियाणा के पुन्हाना थाना क्षेत्र के गांव सिरोली से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने जयपुर सहित राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों में एटीएम कार्ड बदलकर कई वारदात करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्थायी वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी, जमानती वारंटी, कुर्की वारंट, उद्घोषित अपराधियों, मफरूर और इनामी बदमाशों सहित विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। जिस पर पुलिस टीम ने हरियाणा के नूह मेवात जिले के पुन्हाना थाना क्षेत्र के गांव सिरोली निवासी मुस्तकीम को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित मुस्तकीम पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब आरोपी से मामले में वांछित अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी मुस्तकीम के आपराधिक रिकॉर्ड में हरियाणा के थाना शहर रेवाड़ी में दर्ज मुकदमा भी शामिल है।
















