स्कूली बच्चों से भरा ऑटो लाइट के पिलर से टकराकर पलटा

0
13

जयपुर। राजधानी के सोडाला इलाके में शनिवार दोपहर स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो लाइट के पिलर से टकराकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित आठ बच्चे सवार थे। दुर्घटना में चालक और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना भारत जोड़ो पुलिया के पास शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सोडाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए यातायात सुचारू करवाया।

सोडाला थानाधिकारी मनोज बैरवाल ने बताया कि जवाहर नगर स्थित माहेश्वरी स्कूल के बच्चों को लेकर ऑटो भारत सेतु पुलिया से सोडाला की ओर जा रहा था। इसी दौरान ऑटो बाईं तरफ से एक लाइट के पिलर से टकरा गया और पलट गया।

हादसे में चालक और दो बच्चों को चोटें आईं। थानाधिकारी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सोडाला स्थित सेवायत अस्पताल भिजवाया गया। दुर्घटना के बाद भारत सेतु पुलिया पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कुछ देर में खुलवाकर यातायात बहाल करवा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here