जयपुर। शहर में नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मियों की ओर से वाहन चालकों के साथ मारपीट और अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी नाकाबंदी के दौरान वाहन चालकों को रोकते और उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एक बाइक पर तीन युवकों को रोकने के बाद पुलिसकर्मी उन्हें थप्पड़ मारते और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो खोह नागोरियान थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, घटना कब की है और किस वजह से वाहन चालकों को रोका गया था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में एक साथ बड़ी संख्या में पुलिस के जवान दिखाई दे रहे हैं। बाइक पर तीन लोगों के सवार होने पर उन्हें रोकने के बाद पुलिसकर्मियों की ओर से मारपीट किए जाने का दृश्य सामने आया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नाकाबंदी के दौरान वाहन चालकों के साथ मारपीट और अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कानून का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान है, जबकि सजा देने का अधिकार न्यायालय के पास है।
एसीपी मालवीय नगर शिवदयाल बाजिया ने बताया कि फिलहाल उनके पास मामले की जानकारी नहीं है। वीडियो के संबंध में जांच करवाई जाएगी। वहीं डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि वीडियो की सत्यता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी किस थाने या टीम से जुड़े हैं।
















