11 से 13 अगस्त तक चलेगा किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

0
42

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 11 से 13 अगस्त 2026 तक जिलेभर में विशेष किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत राजकीय विद्यालयों, उजाला केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में किशोर-किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत एवं जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किशोरों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा एनीमिया, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जानकारी उपलब्ध कराना है।

इस अभियान के दौरान विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें हीमोग्लोबिन, बीएमआई, दृष्टि एवं दंत स्वास्थ्य की जांच होगी। जरूरतमंद किशोर-किशोरियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया जाएगा। साथ ही आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) गोलियों का वितरण, कृमिनाशक दवा सेवन, पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता पर परामर्श भी दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस पर उजाला केंद्रों में विशेष परामर्श शिविर आयोजित होंगे, जहां मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, लैंगिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा नशा मुक्ति पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। वहीं 13 अगस्त को विभिन्न विभागों के समन्वय से किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, रोल प्ले, समूह चर्चा और जागरूकता रैली सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here