बाबा श्याम को झूले में झुलाकर छप्पन भोग में चढ़ाया घेवर का भोग

0
43

जयपुर। अग्रवाल फार्म मानसरोवर के सेक्टर-113 स्थित श्याम पार्क में ‘म्हारे घरा पधारो श्याम’ संस्था की ओर से विशाल झूला महोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर बाबा श्याम का अनुपम श्रृंगार कर अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। छप्पन भोग की झांकी सजाकर बाबा श्याम को विभिन्न व्यंजनों के साथ घेवर का भोग लगाया गया।

आयोजक पूरण सैनी ने बताया कि महोत्सव में बाबा श्याम की विशेष झांकी सजाई गई। बाबा को फूल बंगले में झूले पर विराजमान किया गया। भक्तों ने बाबा श्याम के समक्ष विभिन्न प्रकार के इत्र की सेवा भी की।

संस्था अध्यक्ष रतन कट्टा ने बताया कि अखंड ज्योत प्रज्वलित करने के बाद गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। भजन गायकों गोपाल सेन, कुमार गिरिराज, निशा शर्मा, राज राठौड़, सागर शर्मा, गौतम शर्मा और धोनी अशोक ने श्याम बाबा का गुणगान किया।

भजन संध्या में ‘कन्हैया हीदो घालो रे हरियल बाग म बाग म’ और ‘झूला झुलोनी राधे रानी, झुलाने तेरा श्याम आया रे’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को झूले में झुलाया और लाड लड़ाकर उनकी मनुहार की। श्याम पार्क में देर तक भजनों की गूंज और भक्तों की जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here