‘सतरंगी सावन’ लहरिया उत्सव में आकांक्षा जांगिड़ बनीं मिस सावन क्वीन

0
53
Akanksha Jangid crowned Miss Sawan Queen at the ‘Satrangi Sawan’ Lahariya Festival.
Akanksha Jangid crowned Miss Sawan Queen at the ‘Satrangi Sawan’ Lahariya Festival.

जयपुर। ‘सतरंगी सावन’ लहरिया उत्सव में आकांक्षा जांगिड़ ने मिस सावन क्वीन, अनीता सैनी ने बेस्ट ड्रेस, मधु सैनी और बीना सैनी ने बेस्ट डांस, जबकि भावना ने बेस्ट मेहंदी का खिताब जीता। विजेताओं को सम्मानित कर आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।

राजा पार्क स्थित होटल क्लिक में नृत्यम फाउंडेशन एवं नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्सव में राजस्थानी लोक संस्कृति और सावन की परंपराओं की रंगीन छटा देखने को मिली। लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने ‘सावन आया रे…’ और ‘झूला झूलूं री सखी…’ जैसे पारंपरिक सावन गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

उत्सव में सावन क्वीन, बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांस और बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने लहरिया और पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में कैटवॉक, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बेस्ट ड्रेस प्रतियोगिता में रंग-बिरंगे लहरिया परिधान आकर्षण का केंद्र रहे, जबकि बेस्ट डांस प्रतियोगिता में सावन गीतों पर प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम में गीतों की मधुर धुन, मेहंदी की खुशबू और लहरिया के रंगों ने सावन के उल्लास को जीवंत कर दिया। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के माध्यम से राजस्थानी लोक परंपराओं को प्रस्तुत किया।

आयोजिका काजल सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक भीम सिंह कासनिया रहे। मुख्य अतिथि वंशिका शर्मा, तेलंगाना से विशेष अतिथि जयंती सिंह, उमा भारती और चन्द्रप्रकाश जेठानी सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन की संस्थापक शीलू सैनी ने कहा कि ‘सतरंगी सावन’ के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और सावन की परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला। सावन गीतों, लोकनृत्य और लहरिया की रंगत ने आयोजन को यादगार बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here