जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मदाश्विन’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में एएनटीएफ ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसते हुए पंजाब में तीसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की।
एएनटीएफ ने पंजाब के फिरोजपुर जिले में दबिश देकर पच्चीस हजार रुपए के इनामी तस्कर सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर श्रीगंगानगर पुलिस ने पच्चीस हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि झारखंड और मध्यप्रदेश में कार्रवाई के बाद अब पंजाब में नशा तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया गया है। विशेष टीम ने फिरोजपुर स्थित एक गौशाला परिसर में दबिश देकर आरोपित सुनील कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से श्रीगंगानगर जिले के श्री विजयनगर क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।
आरोपित सुनील कुमार अपनी पहचान छिपाकर पंजाब में रह रहा था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। एएनटीएफ की लगातार निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के सुपरविजन में की गई। एएनटीएफ अधिकारियों का कहना है कि अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है तथा देशभर में छिपे मादक पदार्थ तस्करों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी।



















