एएनटीएफ ने तीन जिलों में पांच तस्करों को धर—दबोचा

0
44

जयपुर। राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने जालोर, नागौर और जयपुर में एक साथ कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 425 ग्राम एमडी, 68 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जबकि जयपुर जिले में अवैध रूप से उगाए गए 615 गांजे के पौधों को नष्ट किया गया। कार्रवाई महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन में की गई।

महानिरीक्षक पुलिस (एएनटीएफ) विकास कुमार ने बताया कि राज्य में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जा रही है।

महानिरीक्षक पुलिस ने बताया कि जालोर जिले के सांचौर क्षेत्र में एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि स्विफ्ट कार में सवार तस्कर भारतमाला हाईवे के हरियाली गांव के पास मादक पदार्थ की डिलीवरी देने आने वाले हैं। सूचना पर एएनटीएफ की टीमों ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान कार से 425 ग्राम अवैध एमडी और एक स्विफ्ट कार (जीजे-08-बीबी-9927) बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश कुमार उर्फ लाखाराम (24), श्रवण (21) और अशोक (24) निवासी चितलवाना (जालोर) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

वहीं नागौर रोडवेज बस डिपो पर एएनटीएफ और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे थे, लेकिन घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 68 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश गियाड़ (28) और रवि पोटलिया (23) निवासी नागौर के रूप में हुई है।

इसके अलावा जयपुर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के खेजरोली गांव में खेत की मेड़ पर अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना पर एएनटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई की। मौके से करीब 615 हरे गांजे के पौधे उखाड़ कर नियमानुसार नष्ट किए गए।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस अभियान में एएनटीएफ के साथ सांचौर (जालोर), कोतवाली (नागौर) और गोविंदगढ़ (जयपुर) थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य करने वाली सभी टीमों को एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here