ऑपरेशन जरासीम : 25 हजार का इनामी तस्कर सोमराज गिरफ्तार

0
48

जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ऑपरेशन जरासीम के तहत कार्रवाई करते हुए बांसवाड़ा पुलिस द्वारा घोषित 25 हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर सोमराज विश्नोई को चूरू जिले के सालासर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पिछले आठ माह से फरार चल रहा था।

महानिरीक्षक पुलिस (एएनटीएफ) विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोमराज (29) निवासी चंदनपुरा (लोहावट, फलोदी) है। पूछताछ में सामने आया कि वह पहले मुंबई में करीब 12 वर्ष तक गैस सिलेंडर सप्लाई का काम करता था। लॉकडाउन के दौरान आर्थिक संकट आने पर उसने ट्रक के जरिए डोडा पोस्त की तस्करी शुरू कर दी। पहली खेप में ही उसे करीब 1.50 लाख रुपए मिले, जिसके बाद वह लगातार तस्करी में सक्रिय हो गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी नागौर और बीकानेर से ट्रक में चूना पाउडर के कट्टे भरकर प्रतापगढ़ जाता था। वापसी में ट्रक के नीचे डोडा पोस्त और ऊपर चूना पाउडर के कट्टे रखकर पुलिस की आंखों में धूल झोंकता था। वह प्रतिमाह पांच से छह चक्कर लगाता था और एक बार में 10 क्विंटल से कम डोडा पोस्त नहीं लाता था।

अपना ट्रक जब्त होने के बाद उसने अन्य लोगों के ट्रक 1.50 से 2 लाख रुपए प्रति चक्कर किराए पर लेकर तस्करी जारी रखी। मोबाइल में बड़े तस्करों के नंबर उसने ‘चुन्नी मौसी’, ‘रघु काकोसा’ और ‘झमकू काकी’ जैसे नामों से सेव कर रखे थे, ताकि किसी को संदेह न हो।

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने बहनोई के सालासर रोड स्थित होटल में हर महीने होने वाली पारिवारिक दाल-बाटी-चूरमा पार्टी में जरूर शामिल होता है। पुलिस ने होटल के एक कर्मचारी को विश्वास में लेकर निगरानी शुरू की।

जैसे ही सूचना मिली कि सोमराज होटल पहुंच चुका है, एएनटीएफ की टीम सादे कपड़ों में मौके पर तैनात हो गई। खाना खाने और बहनोई के साथ घूमने के बाद आरोपी होटल के कमरे में सो गया। देर रात पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एएनटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर डोडा पोस्त तस्करी के नेटवर्क, सप्लायरों और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में एएनटीएफ और प्रतापगढ़ पुलिस की भूमिका सराहनीय रही। अभियान में शामिल अधिकारियों और जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here