नशा तस्करों पर एएनटीएफ का चौतरफा प्रहार: अफीम, स्मैक और गांजा सहित पांच आरोपी दस्तयाब

0
35
ANTF's all-out offensive against drug smugglers
ANTF's all-out offensive against drug smugglers

जयपुर। प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने शुक्रवार को जालोर, ब्यावर और जयपुर में एक साथ चार बड़ी कार्रवाई कर नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने अफीम, स्मैक, गांजा तथा नशे की कमाई से अर्जित नकदी बरामद कर पांच आरोपियों को दस्तयाब किया।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में की गई। सूचना के आधार पर जुठाराम देवासी (48) के मकान पर छापा मारकर रसोईघर में छिपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध निर्मित अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी कार्रवाई ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में कंचन पेट्रोल पंप के पास की गई। यहां स्कूटी से स्मैक की सप्लाई करने पहुंचे पति-पत्नी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। स्कूटी की डिग्गी से 24.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने सांसी बस्ती छावनी निवासी दीपक कुमार (45) और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (43) को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त कर ली।

तीसरी कार्रवाई जयपुर ग्रामीण के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में पूर्णिमा कॉलेज के पीछे महात्मा गांधी पुलिया के पास झुग्गी-झोंपड़ियों में की गई। यहां पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रही टोंक निवासी शरबत देवी (55) को दस्तयाब किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 335 ग्राम गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक तथा नशे की बिक्री से अर्जित 21,500 रुपए नकद बरामद हुए।

चौथी कार्रवाई जयपुर शहर के नारायण विहार थाना क्षेत्र की जयशंकर कॉलोनी में हुई। यहां संदिग्ध अवस्था में खड़ी महिला लाली देवी (32) पत्नी नेमीचंद सांसी को पकड़कर तलाशी ली गई। उसके बैग से 142 ग्राम गांजा और 2,000 रुपए नकद बरामद किए गए।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित थाना पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने अभियान में शामिल एएनटीएफ, भीनमाल, ब्यावर सिटी, शिवदासपुरा और नारायण विहार थाना पुलिस की सराहना करते हुए घोषणा की कि कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here