एटीएम ठग निकला वीरपाल हत्याकांड इनामी : पुलिस ने दबोचा 2 साल बाद बदमाश को दबोचा

0
102

जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस द्वारा पकड़ी गई ‘एसवीएस’ गैंग के सदस्यों से पूछताछ में कुम्हेर (डीग) के बहुचर्चित वीरपाल हत्याकांड का फरार आरोपी सोनू वैष्णव पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यह आरोपी पिछले दो साल से फरार था और उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि झोटवाड़ा थाना पुलिस ने एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने वाली अंतरराज्यीय ‘एसवीएस’ गैंग के तीन सदस्यों—वीरेंद्र सिंह, सोनू वैष्णव और सद्दाम—को गिरफ्तार किया था। इनसे सघन पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के दौरान सोनू वैष्णव की असल पहचान सामने आई।

जांच में सामने आया कि सोनू वैष्णव (23), निवासी नदबई (भरतपुर), कुम्हेर (डीग) क्षेत्र में हुए वीरपाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जमीनी विवाद के चलते वीरपाल पर फायरिंग कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह लगातार फरार चल रहा था।

आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कुम्हेर थाना में हत्या का मामला, भरतपुर के कोतवाली और सेवर थानों में कई प्रकरण, तथा वर्ष 2023 में धोखाधड़ी (धारा 420, 406) और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) आलोक सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने काम किया। टीम में उप निरीक्षक सुनील चौहान, हेड कांस्टेबल बलराम, मालीराम, महिपाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here