जयपुर। राजधानी के आमेर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक ज्वेलर से करीब 50 लाख रुपए के जेवरात से भरा बैग लूटने का प्रयास किया गया। बाइक सवार दो बदमाशों ने आंखों में मिर्च डालकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन ज्वेलर के पिता के मौके पर पहुंच जाने से आरोपी फरार हो गए।
थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि पीड़ित ज्वेलर अरुण प्रजापति की अकबरी मस्जिद के पास ‘रानीसती’ नाम से ज्वेलरी की दुकान है। वह मंगलवार रात दुकान बंद कर फूलबाग कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे। उनके पास बैग में करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात थे।
पुलिस के अनुसार, संस्कार स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने अचानक ज्वेलर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर जेवरात से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे उनके पिता प्रेम प्रजापति मौके पर पहुंच गए। पिता को देखकर दोनों बदमाश घबरा गए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद ज्वेलर ने आमेर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



















