बैंक कर्मचारी 28 सितंबर से तीन दिन हड़ताल पर

0
38

जयपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिन बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। बैंक यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को हुए समझौते में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। इस मुद्दे को लेकर बैंक यूनियनों और भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के बीच हुई बातचीत में भी कोई समाधान नहीं निकल सका है।

राजस्थान में 24 सितंबर को जयपुर को छोड़कर विभिन्न जिला मुख्यालयों और प्रमुख केंद्रों पर बैंक कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। इनमें जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, अजमेर, अलवर और श्रीगंगानगर सहित अन्य केंद्र शामिल हैं। यूनियनों ने सभी घटक संगठनों के कर्मचारियों और अधिकारियों से प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लॉइज यूनियन के सचिव टीसी झालानी ने बताया कि राजस्थान में एक लाख से अधिक बैंक कर्मचारी और देशभर में करीब नौ लाख से अधिक बैंक कर्मचारी-अधिकारी प्रस्तावित हड़ताल में शामिल होंगे। हड़ताल में बैंक यूनियनों से जुड़े कर्मचारी और अधिकारी शामिल रहेंगे।

यूएफबीयू ने अपने सदस्यों से 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। यूनियन के अनुसार प्रोबेशन पर चल रहे कर्मचारी और अधिकारी भी हड़ताल में शामिल हो सकते हैं और इससे उनके इंक्रीमेंट पर असर नहीं पड़ेगा। यूनियन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल होने या नहीं होने के संबंध में बैंक प्रबंधन को अलग-अलग पत्र देने की आवश्यकता नहीं है।

ट्रेनिंग में शामिल कर्मचारी तथा कैश कलेक्शन जैसे कार्यों से जुड़े कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे। यूनियनों का कहना है कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई की जाती है तो उसे उचित मंच पर चुनौती दी जाएगी।

यूनियनों के अनुसार राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की आचार संहिता के कारण कई स्थानों पर प्रदर्शन के कार्यक्रम स्थगित किए गए थे। आचार संहिता हटने के बाद अब 24 सितंबर को जयपुर को छोड़कर अन्य प्रमुख केंद्रों पर प्रदर्शन किए जाएंगे। संगठन ने कर्मचारियों से इन प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी मांग के समर्थन में आवाज उठाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here