फेस्टिव सेल में साइबर ठगों से रहें सावधान: राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

0
46
Cyber ​​fraudsters are committing fraud in the name of RTO e-challans.
Cyber ​​fraudsters are committing fraud in the name of RTO e-challans.

जयपुर। त्योहारों की ऑनलाइन सेल में भारी छूट का लालच साइबर ठगी का कारण बन सकता है। फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसे ई-कॉमर्स मंचों पर खरीदारी के दौरान साइबर अपराधी फर्जी वेबसाइट, भ्रामक संदेश और नकली डिस्काउंट लिंक के जरिए लोगों की निजी और बैंकिंग संबंधी जानकारी चुराने की कोशिश कर रहे हैं। इसे देखते हुए राजस्थान पुलिस के साइबर सुरक्षा केंद्र आर4सी ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि त्योहारों की सेल, फ्लैश डील और तीसरे पक्ष के विक्रेताओं की कमजोरियों का फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों को निशाना बनाते हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से असली जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट और छूट के लिंक तैयार किए जा सकते हैं। वहीं, फर्जी एसएमएस और ईमेल के जरिए ऑर्डर अपडेट, गिफ्ट कार्ड या भारी छूट का झांसा देकर खातों की जानकारी चुराई जा सकती है।

पुलिस के अनुसार खरीदारी के दौरान कुछ वेबसाइट या मंच भुगतान के अंतिम चरण में बिना स्पष्ट जानकारी दिए अतिरिक्त शुल्क, बीमा उत्पाद या सदस्यता जोड़ सकते हैं। इसे डार्क पैटर्न और बास्केट स्नीकिंग जैसे तरीकों से जोड़ा जाता है। इसके अलावा बड़े ऑनलाइन बाजारों की नकल करने वाली नकली वेबसाइटें क्रेडिट कार्ड और यूपीआई से जुड़ी जानकारी चुराने का जरिया बन सकती हैं।

पुलिस ने सलाह दी है कि ऑनलाइन खरीदारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट का पता स्वयं टाइप करें या सत्यापित मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करें। अनजान प्रचार लिंक पर क्लिक न करें और लॉटरी, इनाम या भारी छूट का दावा करने वाले संदिग्ध एसएमएस और व्हाट्सऐप संदेशों से सावधान रहें। भुगतान से पहले कार्ट में शामिल उत्पादों, अतिरिक्त शुल्क और कुल राशि की जांच करें।

खरीदारी खातों को मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड से सुरक्षित रखें। जहां सुविधा उपलब्ध हो, वहां दो-स्तरीय प्रमाणीकरण या जैविक पहचान आधारित प्रवेश व्यवस्था चालू करें। खुदरा मंचों पर कार्ड का सुरक्षा कोड (सीवीवी) और कार्ड विवरण सहेजने से बचें तथा सुरक्षित भुगतान माध्यमों का उपयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here