बाइक चुराने वाला पांच हजार का इनामी गिरफ्तार

0
33

जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश सरफराज उर्फ सोहेल उर्फ टिंडा (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। मामले में शामिल उसके साथी को पुलिस पहले ही चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शास्त्री नगर थाने में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि परिवादी अजय राज जोशी ने 2 अगस्त को नाहरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 25 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह मोटरसाइकिल संख्या RJ 14 DZ 7031 से चांदपोल स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने आया था। उसने बाइक को मंदिर के सामने कचौरी वाले की गली में पानी की टंकी के पास लॉक करके खड़ा किया और शयन आरती में चला गया। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

नाहरगढ़ थानाधिकारी सज्जन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के आधार पर आरोपी अनीस खान पुत्र काजिम खान, निवासी गोल टीबा, नाहरी का नाका, शास्त्री नगर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

वारदात में शामिल दूसरा आरोपी सरफराज उर्फ सोहेल उर्फ टिंडा फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने तलाश के बाद उसे 9 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सरफराज पुत्र इब्राहिम खान, निवासी गली नंबर 7, चंद्रशेखर की बगीची, नाहरी का नाका, शास्त्री नगर का रहने वाला है।

उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार सरफराज के खिलाफ शास्त्री नगर थाने में आईपीसी की विभिन्न धाराओं और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मामले दर्ज हैं, जिनमें पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here