गुरु रविदास जयंती पर भाजपा की समरसता संकल्प कार्यशाला में सामाजिक सौहार्द का दिया संदेश

0
28
BJP's 'Samrasta Sankalp' (Social Harmony Pledge) Workshop on Guru Ravidas Jayanti
BJP's 'Samrasta Sankalp' (Social Harmony Pledge) Workshop on Guru Ravidas Jayanti

जयपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की ओर से सोमवार को ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि रहे, जबकि भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यशाला में संत गुरु रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा पर कार्य करती है, जहां भारत माता की प्रत्येक संतान समान है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने लगभग 650 वर्ष पूर्व समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, छुआछूत और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण किया था। समरसता संकल्प अभियान उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को संत गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से राष्ट्रीय स्तर पर भव्य समरसता यात्रा और कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके माध्यम से देशभर में सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और संतों के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि जयपुर शहर के प्रत्येक मंडल और वार्ड के प्रमुख मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में 251 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, संत गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी तथा स्थानीय संतों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही गुरु पूर्णिमा के अवसर पर समाज के मार्गदर्शकों एवं गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए भी विशेष आयोजन किए जाएंगे।

भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के सभी वर्गों को जोड़कर राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के माध्यम से संत रविदास के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here