उधारी के पैसे को लेकर खूनी संघर्ष: पैसे लौटाने के लिए बुलाकर चाकू से चीर दिया पेट

0
32

जयपुर। मुहाना इलाके में उधारी के पैसे को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। शातिर बदमाश ने उधारी के पैसे देने का झांसा देकर युवक को बुलाया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाश ने कार में ही चाकू से गला रेता और पेट में चाकू घोंपने का प्रयास किया। लेकिन गंभीर घायल होने के बाद भी युवक ने हिम्मत नहीं हारी और कार से नीचे उतर कर धर्मकांटे तक पहुंचा और अपने परिजनों को सूचना दी।

सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर घायल अवस्था में युवक को मानसरोवर के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। मेडिकल इत्तला पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।

गौरतलब है कि बांस बीलवा निवासी गोविंद मीणा ने रामचंद्रपुरा निवासी गोविंद बाडेवाल को करीब 30 लाख रुपए उधार दे रखे थे। मंगलवार को बाडेवाल ने फोन कर पैसे लौटाने की बात कही और गोविंद मीणा को लालबाग बुलाया। वहां मिलने के बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया। इसके बाद रिश्तेदार से पैसे दिलवाने का झांसा देकर उसे रिंग रोड की ओर ले जाने लगा।

रास्ते में आरोपी ने अपने साथी गिरधारी जाट को भी कार में बैठा लिया। सुनसान रास्ते पर पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने मिलकर गोविंद मीणा पर हमला कर दिया। बाडेवाल ने चाकू से उसकी गर्दन और पेट पर कई वार किए, जबकि पीछे बैठे गिरधारी जाट ने रस्सी से उसका गला घोंटने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से युवक बुरी तरह घायल हो गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।

हमले के दौरान गोविंद किसी तरह कार से बाहर निकलकर जान बचाने के लिए भागा। वह लहूलुहान हालत में पास के एक धर्मकांटे तक पहुंचा और अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मानसरोवर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मेडिकल इत्तला पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने गोविंद बाडेवाल और गिरधारी जाट के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here