विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का भंडाफोड़

0
30

जयपुर। राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) पश्चिम ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 पासपोर्ट, 32 मुहरें, मोबाइल फोन और हिसाब-किताब की डायरियां बरामद की हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

डीएसटी इंचार्ज गणेश सैनी के अनुसार झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में स्थित शिवशंकर टावर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इस पर टीम ने बुधवार देर रात फ्लैट पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान फ्लैट में छिपे कुचामन निवासी लोकेंद्र सिंह और विजयपाल सिंह, झुंझुनूं निवासी लोकेश तथा रींगस निवासी गोगराज को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी लोकेंद्र सिंह डीडवाना के मकराना क्षेत्र का वांछित अपराधी है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ‘डायमंड वीजा सर्विस’ नाम से फर्जी फर्म चलाकर लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देते थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें ड्राइवर, माली, मिस्त्री जैसे काम दिलाने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके बाद वीजा और नौकरी के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए जाते थे। पुलिस ने फ्लैट की तलाशी में 50 पासपोर्ट, 32 फर्जी मुहरें, 3 मोबाइल फोन और लेन-देन से जुड़ी 5 डायरियां बरामद की हैं, जिनसे बड़े स्तर पर ठगी के नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

झोटवाड़ा थाना पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह ने कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और इसके तार अन्य राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here