लहूलुहान हालत में मिला व्यक्ति का शव: दोनों हाथों की नसें और गले पर कट के निशान

0
39

जयपुर। मालवीय नगर स्थित सरकारी नर्सरी में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं और गले पर भी कट का निशान मिला। शव के पास चाकू पड़ा मिला। सूचना पर मालवीय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

थानाधिकारी गौरव प्रधान ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेन्द्र कुमार मीणा (46) निवासी मालवीय नगर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुरेन्द्र रविवार शाम करीब 6:45 बजे बिना बताए घर से निकला था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला।

सोमवार सुबह नर्सरी के अंदर सुरेन्द्र का शव मिला। पुलिस के अनुसार वह नर्सरी बंद होने के बाद दीवार कूदकर अंदर गया होगा। उसके पास मिला चाकू घरेलू कामकाज में इस्तेमाल होने वाला बताया जा रहा है। प्रथमदृष्टया पुलिस आत्महत्या की आशंका मान रही है। परिजनों के अनुसार सुरेन्द्र पिछले करीब छह माह से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का इलाज करा रहा था।

पुलिस को घटनास्थल पर संघर्ष या झगड़े के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। चाकू को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here