नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

0
36

जयपुर। शास्त्री नगर थाना इलाके में मंगलवार शाम राणा कॉलोनी और व्यास कॉलोनी के बीच बने नाले में एक व्यक्ति का शव तैरता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि शाम करीब चार बजे पास में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद नाले में चली गई। गेंद लेने पहुंचे बच्चों ने नाले में शव तैरता देखा तो घबराकर शोर मचा दिया। सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया गया।


पुलिस के अनुसार शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका है, जिससे मृतक की उम्र का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और भूरे रंग का पजामा पहन रखा था। उसके बांए हाथ पर अंग्रेजी अक्षर “R” लिखा हुआ है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के आसपास अक्सर नशा करने वाले लोग घूमते रहते हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतक उन्हीं में से एक हो सकता है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


पुलिस ने शव को पहचान के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शास्त्री नगर थाना पुलिस ने अज्ञात मर्ग दर्ज कर मृतक की पहचान और परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here