राजस्थान हाईकोर्ट,विधानसभा और सेशन कोर्ट को बम धमकी से मचा हड़कंप

0
40

जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई जब राजस्थान हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। यह ईमेल कोर्ट की आधिकारिक आईडी पर भेजा गया। जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी और सुरक्षा अलर्ट की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस,बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और पूरे हाईकोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, विस्तृत सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

राजस्थान विधानसभा को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसमें ईमेल के जरिए अगले तीन घंटे में आरडीएक्स से धमाका करने की बात कही गई थी। ईमेल में साइबर संदिग्ध भाषा और भ्रामक दावे भी शामिल थे। इसके बाद विधानसभा परिसर को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते ने करीब ढाई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

इसी दिन जयपुर सेशन कोर्ट को भी धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने वहां भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि ईमेल में आरडीएक्स से 15 धमाके करने और साइनाइड का उल्लेख किया गया था। साथ ही इसमें राजनीतिक और असंबंधित संदर्भों का भी जिक्र था, जिसे अधिकारियों ने भ्रामक और सिरफिरे व्यक्ति की हरकत बताया।

बार-बार मिल रही धमकियों पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संदीप लुहाड़िया ने चिंता जताते हुए कहा कि हर बार जांच एजेंसियों को लाखों रुपये खर्च कर सुरक्षा जांच करनी पड़ती है, लेकिन यह सिर्फ धमकी साबित होती है। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में स्थायी और सख्त सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है, अन्यथा किसी दिन ऐसी धमकी वास्तविक रूप भी ले सकती है।

राजस्थान हाईकोर्ट चौकी प्रभारी के अनुसार, सुबह ही धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सभी वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और परिसर को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए आईपी एड्रेस ट्रेस किया जा रहा है।

फिलहाल सभी प्रमुख संस्थानों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी हाईकोर्ट को 6, 17, 19, 20 फरवरी और 17 मार्च को बम धमकी मिल चुकी है, लेकिन हर बार जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here