शातिर नकबजनों ने आभूषण कारखाने को बनाया निशाना

0
31

जयपुर। सदर थाना इलाके में अज्ञात नकबजन एक आभूषण कारखाने पर निशाना साधते हुए महज 13 मिनट में 45 लाख रुपए की चांदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। वारदात कि जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर नकबजनों की तलाश शुरु कर दी है।

पुलिस ने बताया कि चांदपोल बाजार स्थित जाट के कुएं का रास्ता निवासी व्यापारी बलराम सोनी ने मामला दर्ज कराया है कि रेलवे स्टेशन रोड पर दिगंबर जैन मंदिर के पास उनका आभूषण निर्माण कारखाना है। जिसके पीछे जैन मंदिर स्थित है। अज्ञात नकबजनों ने मंदिर परिसर का ताला तोड़ा और वहां से कारखाने के अंदर घुसे। कारखाने के अंदर घुसने के बाद अज्ञात नकबजन काउंटर में रखी 20 किलो चांदी के आभूषण कट्टों और थैलों में भरकर ले गए।

वहीं मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि 20 किलो चांदी के आभूषण चोरी करने के बाद शातिर नकबजन मौके से निकले और रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां पर पहले से मौजूद अन्य सदस्य दो महिलाए और एक पुरुष नकबजनों से मिले और चोरी का सामान उन्हे सौंप दिया।

वहां से दोनों शातिर नकबजन बाहर आए और सिंधी कैंप की ओर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here