रील शूट कर रहे स्टूडेंट्स को कार ने मारी टक्कर

0
53

जयपुर। माणक चौक थाना क्षेत्र में हवामहल के सामने रील शूट कर रहे इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स को कार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक ने रिवर्स में कार दौड़ाकर बाइक सवार छात्रों को कुचलने की कोशिश की और इसके बाद मौके से फरार हो गया। घटना 3 मई की रात करीब डेढ़ बजे की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है।

पुलिस के अनुसार चारों स्टूडेंट्स एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के हैं, जिनमें एक महिला एंकर (छात्रा), एक अन्य छात्रा और दो छात्र शामिल थे। हादसे में बाइक पर बैठी एक छात्रा घायल हो गई। घायल छात्रा के साथी ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार टैक्सी नंबर की स्विफ्ट डिजायर थी, जिसमें चालक सहित चार लोग सवार थे।

आरोप है कि टक्कर के बाद कार के साथ छात्रा कुछ मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद स्टूडेंट्स ने पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि माणक चौक थाना पुलिस ने न तो उनकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की और न ही घायल छात्रा का मेडिकल कराया। छात्रों का यह भी कहना है कि सीसीटीवी फुटेज भी उन्होंने खुद ही आसपास के दुकानदारों से जुटाए।

वहीं थानाधिकारी राकेश कविया ने बताया कि कार के नंबर और चालक की पहचान कर ली गई है तथा आरोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here