जयपुर। श्री दादू पदयात्रा समिति, जयपुर के तत्वाधान में बुधवार को आमेर स्थित दादू मंदिर से दादूपालका धाम भैराणा (नरैना) के लिए 32वीं तीन दिवसीय विशाल पदयात्रा का गाजे-बाजे और लवाजमे के साथ भव्य आगाज हुआ। मावठा स्थित दादू मंदिर में निशान (ध्वज) की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना के बाद पदयात्रा नरैना के लिए रवाना हुई।
पदयात्रा के अवसर पर जयपुर शहर के मध्य स्थित बड़ी चौपड़ से श्री दादूवाणी जी की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। यह शोभायात्रा जोहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, किशनपोल बाजार और अजमेरी गेट होते हुए गवर्नमेंट हॉस्टल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। शहरवासी अपने परिवार और इष्टमित्रों के साथ बड़ी संख्या में इस शोभायात्रा के साक्षी बने।
नरैना के महंत हरिओम स्वामी महाराज ने बताया कि दादू जी महाराज की वाणी जी की शोभायात्रा जयपुर से होकर 27 सितंबर को धाम पहुंचेगी। पदयात्रा का पहला रात्रि विश्राम भांकरोटा में होगा।
इसके बाद मुंडियारामसर, बेगस और बंधे के बालाजी में भजन संध्या एवं रात्रि विश्राम करते हुए पदयात्रा 27 सितंबर की सुबह नरैना स्थित दादूपालका भैराणा धाम पहुंचेगी, जहां महाप्रसादी (भंडारा) के साथ यात्रा का समापन होगा।
इस पदयात्रा में देशभर से हजारों संत, महंत, महामंडलेश्वर और तपस्वी शामिल हो रहे हैं। समापन अवसर पर दादूपंथ की ऐतिहासिक और पारंपरिक ‘खण्डेत पट्टेबाजी’ का शानदार प्रदर्शन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा।



















