मेडिकल स्टोर लाइसेंस के बदले रिश्वत लेते संविदा कर्मी गिरफ्तार

0
60
Contractual Employee Arrested for Accepting Bribe in Exchange for Medical Store License
Contractual Employee Arrested for Accepting Bribe in Exchange for Medical Store License

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक टीम ने कार्रवाई करते हुए जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण कार्यालय टोंक में कार्यरत संविदाकर्मी कम्प्यूटर ऑपरेटर सोनू पंवार को 13 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने मेडिकल स्टोर लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लाइसेंस प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले आरोपित सोनू पंवार लगातार रिश्वत मांग कर परिवादी को परेशान कर रहा था।

शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपित ने पहले 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। परिवादी द्वारा राशि कम करने की बात कहने पर 13 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।

इसके बाद अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबर मल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपित सोनू पंवार ने अपने कार्यालय में परिवादी से 13 हजार रुपए रिश्वत राशि लेकर गिनी और अपनी पैंट की जेब में रख ली।

एसीबी टीम को देखते ही आरोपित घबरा गया और रिश्वत की राशि जेब से निकालकर कार्यालय कक्ष के गेट के पास फर्श पर फेंक दी। टीम ने मौके से रिश्वत राशि बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here