ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में कॉपर चोरी करने वाले गिरफ्तार

0
28
Copper thieves arrested at transformer factory
Copper thieves arrested at transformer factory

जयपुर। दौलतपुरा थाना क्षेत्र की ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में कॉपर चोरी का खुलासा करते हुए जयपुर पश्चिम पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 200 किलो तांबे के तार के 17 बंडल, वारदात में इस्तेमाल आइशर ट्रक और स्कार्पियो एन कार बरामद की है।

एसीपी चौमूं कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशन में एडीसीपी राजेश गुप्ता और उनके सुपरविजन में दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 22 सितंबर की रात अखैपुरा स्थित एचडी ट्रांसफॉर्मर्स फैक्ट्री में चोरी हुई। फैक्ट्री संचालक ने रात करीब 1:30 बजे मोबाइल पर सीसीटीवी देखा तो चोर तांबे के तार के बंडल पीछे खाली जगह में ले जाते नजर आए। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।

पुलिस ने आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। तकनीकी जांच में सामने आया कि चोर माल को आइशर ट्रक से मध्यप्रदेश ले जा रहे थे, जबकि स्कार्पियो से एस्कॉर्ट किया जा रहा था। पुलिस ने अजमेर, ब्यावर और भीलवाड़ा में नाकाबंदी कर बनेड़ा में स्कार्पियो सवार तीन आरोपितों तथा रायला में ट्रक से दो आरोपितों को पकड़ा। ट्रक से कॉपर के 17 बंडल बरामद हुए।

पूछताछ के बाद जयपुर व आसपास से गिरोह के राहुल चौहान (28), प्रदीप यादव (29), प्रशांत आसोलिया उर्फ मेडी (28), करम नवाज शाह (19), निसार पटेल (22), जितेन्द्र गावस्कर (25), भैयालाल (20), पुष्पेन्द्र साहू (22) और ब्रजलाल यादव (26) को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपित मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस अब आरोपितों से गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के शेष माल और पूर्व में की गई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here