गौ सम्मान अभियान के प्रथम चरण की समीक्षा में जुटे गौ प्रेमी

0
89

जयपुर। गौ सम्मान अभियान के प्रथम चरण की ऐतिहासिक सफलता के बाद मंगलवार को सांगानेर क्षेत्र में संतों एवं गौभक्तों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक श्री पिंजरापोल गौशाला के वैदिक पादप औषधि केन्द्र में आयोजित की गई। बैठक में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम की विस्तार से समीक्षा की गई। सभी उपस्थित संतों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बताया। इस खुशी में सभी ने एक दूसरे के लिए तालियां बजाई। अपनों ने अपनों का सम्मान किया।

इस अवसर पर उपस्थित संतों और गौ सेवकों ने स्पष्ट कहा कि जब तक गौमाता को उसका यथोचित सम्मान नहीं मिल जाता और घोषित सभी मांगें पूर्ण नहीं हो जातीं, तब तक अभियान निरंतर जारी रहेगा। सभी ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि यह अभियान पूर्णत: शांतिपूर्ण, संगठित एवं चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यदि सरकार द्वारा इस प्रार्थना को स्वीकार किया जाता है तो आगामी चरण में धन्यवाद ज्ञापन किया जाएगा, अन्यथा 27 जुलाई 2026 को जिला स्तर पर पुन: प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक तीन माह में अलग-अलग चरणों के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह संपूर्ण अभियान पूर्णत: शांतिपूर्ण है, जिसमें किसी प्रकार का विरोध या आंदोलन नहीं, बल्कि केवल प्रार्थना एवं जनजागरण पर बल दिया जा रहा है। गौरतलब है कि 27 अप्रैल को संत प्रकाश दास जी महाराज के सानिध्य में सांगानेर स्टेडियम में सभी गौभक्तों ग्वालों एवं धर्मप्रेमी बंधुओं ने तहसीलदार को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपा गया।

इस प्रार्थना पत्र के माध्यम से गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा गौहत्या पर सख्त केन्द्रीय कानून बनाने की मांग की गई। प्रथम चरण के अंतर्गत देशभर की 5410 तहसीलों में एक ही दिन प्रार्थना पत्र देकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पूर्व में तय रूपरेखा के अनुसार अभियान को निरंतर गति दी जाएगी। प्रत्येक कार्यकर्ता को जनसंपर्क बढ़ाने, अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोडऩे तथा जिन व्यक्तियों और संगठनों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है, उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर उनका आभार व्यक्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही आगामी चरणों की तैयारी को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस कार्यक्रम में संत प्रकाश दास महाराज, कमलेश दास , जोइराम सोइराम महाराज, अंगद दास, आचार्य ताराचंद शास्त्री, शास्त्री प्रवीण गौड़, विष्णु बागड़ा, पूनम आचार्य, कैलाश शर्मा, चंपालाल, पुष्पेंद्र भारद्वाज, राजेश जांगिड़, रमेश बागड़ा, हनुमान पटवारी, गणेश नारायण बागड़ा, रामगोपाल , सुरेश शर्मा, सोहम यादव, जितेंद्र सिंह , रामजीलाल शर्मा, राधेश्याम विजय, पं. राजकुमार गाौड़, गिर्राज शर्मा, बृजकिशोर सहित अनेक धर्मप्रेमी एवं गौभक्त बंधु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here