पुलिस चतुर्थ श्रेणी भर्ती के 353 चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 6 अक्टूबर से

0
34

जयपुर। राजस्थान पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के पे-लेवल-2 पदों पर चयनित 353 अभ्यर्थियों की ऑफलाइन काउंसलिंग 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक पुलिस मुख्यालय में होगी।

उप महानिरीक्षक पुलिस, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने बताया कि काउंसलिंग के जरिए चयनित अभ्यर्थियों को जिला, यूनिट एवं कार्यालय आवंटित किए जाएंगे। काउंसलिंग प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक पुलिस मुख्यालय के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 102 एवं 103 में होगी। चपरासी, फर्रास, जलधारी, चौकीदार, वार्डबॉय और स्वीपर सहित पे-लेवल-2 के विभिन्न पदों पर आवंटन किया जाएगा।

कुल 353 चयनित अभ्यर्थियों में 324 गैर-अनुसूचित क्षेत्र, 28 अनुसूचित क्षेत्र और एक सहरिया क्षेत्र का अभ्यर्थी शामिल है। काउंसलिंग कार्यक्रम, प्राथमिकता/वरीयता क्रम, रिक्त पदों की स्थिति, विकल्प प्रपत्र, तिथिवार अभ्यर्थियों का विवरण और दिशा-निर्देश पुलिस विभाग की वेबसाइट पर जारी किए गए हैं।

अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर निर्देशों की पालना करनी होगी।

डीआईजी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पे-लेवल-2 के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया के बाद शेष 295 अभ्यर्थियों के आवेदन प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग को वापस भेजे जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here