जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने स्टेट हाईवे पर राहगीरों और वाहन चालकों को हथियारों के बल पर लूटने वाले गिरोह के दो साल से फरार चल रहे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी आगामी नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से 2024 के लूट व अपहरण प्रकरण में फरार आरोपी रामकेश मीणा (25) पुत्र मूलचंद मीणा, निवासी श्री संतपुरा, कोटखावदा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पूर्व में अपहरण और अवैध हथियार तस्करी के मामलों में भी पकड़ा जा चुका है। मामले में आरोपी पायलट मीणा और अक्षय मीणा उर्फ गोलू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार 11 नवंबर 2024 की रात बैंक कर्मचारी अभिषेक पारिक स्कूटी से लौट रहे थे। रिंग रोड और बातावाला के बीच काली स्कॉर्पियो सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोककर पिस्तौल के बल पर कार में डाल लिया। सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की और नकदी व चांदी का कड़ा छीन लिया।
इसके बाद फोनपे के जरिए रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर बल्ले और चाकू से हमला कर बैंक खातों से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई तथा पत्नी को फोन करवाकर और पैसे मांगे। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। अब उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


















