जयपुर। मोती डूंगरी थाना पुलिस ने घरेलू सहायिका द्वारा चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपए कीमत के हीरे से जड़े पेंडेंट और सोने की चेन बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह जेवर परिवार में पीढ़ी-दर-पीढ़ी कुलदेवी की पूजा में इस्तेमाल होता था।
पुलिस के मुताबिक आदर्श नगर निवासी स्नेहा गुलाबराय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 सितंबर को शीतला सप्तमी की पूजा के दौरान उन्होंने हीरे का पेंडेंट और सोने की चेन रसोई में रखी थी। इसी दौरान उनकी पूर्व घरेलू सहायिका वर्षा तोलानी (36) पुराना बकाया वेतन लेने घर आई।
करीब 10 साल से घर में काम करने के कारण परिवार उस पर भरोसा करता था। वेतन लेने के बाद मना करने के बावजूद वह रसोई में काम करने लगी और मौका पाकर जेवर चोरी कर लिए। इसके बाद वह परिवार के साथ जेवर तलाशने का नाटक करती रही।
मामले की जांच में पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर वर्षा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी कबूल कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से पेंडेंट और सोने की चेन बरामद कर ली। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


















