शराब के लिए रुपये न देने पर मारपीट कर रुपये छीनने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार

0
38

जयपुर। लालकोठी थाना पुलिस ने शराब के लिए रुपये मांगने, मना करने पर मारपीट कर नकदी छीनने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आदर्श नगर निवासी मोहम्मद मेहराज (43) ने 5 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। मना करने पर उसके साथ मारपीट की और शर्ट की जेब से जबरन 3200 रुपए निकाल लिए।

मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त गांधी नगर नारायण कुमार बाजिया के सुपरविजन में लालकोठी थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अकरम कुरैशी पुत्र अब्दुल गफ्फार, निवासी दीपक मार्ग, आदर्श नगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

मोबाइल चोर और खरीदार गिरफ्तार

वैशाली नगर थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले में चोर और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर सात मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने वारदात के आसपास और अन्य इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को फरमान खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 सितंबर शाम करीब पांच बजे गुप्ता स्टोर के पीछे लकी लाइन बेकरी पर सामान उतारते समय गाड़ी से उनका सैमसंग ए-17 मोबाइल चोरी हो गया। इस पर बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बलराम चौधरी (43) निवासी खंडार, सवाई माधोपुर, हाल करणी विहार, जयपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे का आदी है और बाजार, दुकानों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौका पाकर मोबाइल चोरी करता था। इसके बाद चोरी के मोबाइल कम कीमत पर तौसीफ (22) निवासी केशोरायपाटन, बूंदी, हाल करणी विहार को बेच देता था।

पुलिस ने बलराम की निशानदेही पर तौसीफ को भी गिरफ्तार कर दोनों के कब्जे से सात चोरी के मोबाइल बरामद किए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ करणी विहार, चित्रकूट और वैशाली नगर थानों में पहले से भी मामले दर्ज हैं। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here