जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकानों और वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया है। आरोपी दिन में कॉलोनियों और गोदामों की रेकी करता था और ताला लगा देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि हरमाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकानों और वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर नकबजन विष्णु बंजारा उर्फ बसत्या (22) निवासी दौलतपुरा जयपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया है।
हरमाड़ा थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है। वह दिन के समय कॉलोनियों और गोदामों में घूमकर सूने मकानों की पहचान करता था। इसके बाद ताले तोड़कर सामान चोरी कर लेता और उसे औने-पौने दामों में बेच देता था। चोरी से मिली रकम नशे की लत और मौज-मस्ती पर खर्च करता था। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















