जयपुर । मुरलीपुरा थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर एसी के कॉपर वायर चोरी करने के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 8 किलो कॉपर वायर बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि परिवादी धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर को उनके निर्माणाधीन मकान की साइट से एसी का कॉपर वायर चोरी हो गया। इस संबंध में मुरलीपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया।
वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ रात के समय संदिग्ध गतिविधियों की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर विकास स्वामी उर्फ पंखुड़ी (27) निवासी भट्टा बस्ती जयपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



















