रेलवे अस्पताल की पार्किंग से बुलेट चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

0
43
Cunning thief arrested for stealing a Bullet motorcycle from the railway hospital parking lot.
Cunning thief arrested for stealing a Bullet motorcycle from the railway hospital parking lot.

जयपुर। सदर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी के एक मामले में 19 वर्षीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो रॉयल एनफील्ड (बुलेट) मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में पहले से आधा दर्जन वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 29 मई को रेलवे अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई रॉयल एनफील्ड बुलेट के संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त धर्मवीर सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी बृजमोहन कविया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने पाथा कुमार उर्फ बिट्टू उर्फ परमेश (19) निवासी पुराना फुलेरा जयपुर ग्रामीण को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने रेलवे अस्पताल पार्किंग से बुलेट चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई बुलेट सहित एक अन्य चोरी की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल भी बरामद की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दोपहिया वाहनों की पार्किंग और आसपास निगरानी रखता था तथा मौका मिलते ही मास्टर-की की मदद से वाहन चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी पहले भी कई बार बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल बाबूलाल, कांस्टेबल ईश्वर सिंह, इंद्राज मल और महेंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here