जयपुर में विवाहिता की मौत: पिता ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

0
36

जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में 34 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि बेटी के सिर पर धारदार हथियार से चोट का निशान था और शरीर पर मारपीट के निशान भी थे।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक आशीष कुमार के अनुसार शास्त्री नगर की ओम शिव कॉलोनी निवासी शंकर लाल चौहान (65) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनकी बेटी रेणु चौहान (34) की शादी फरवरी 2018 में झोटवाड़ा के हरनाथपुरा निवासी गजेन्द्र दायमा से हुई थी। गजेन्द्र फायर इंस्ट्रूमेंट की फिटिंग का काम करता है। दंपती का पांच साल का बेटा है।

पुलिस के मुताबिक 15 अक्टूबर की सुबह करीब 10:45 बजे परिजनों को रेणु के बेहोश होने और उसे अस्पताल ले जाने की सूचना मिली। उसे पहले चिरायु अस्पताल ले जाया गया, जहां से कांवटिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतका के पिता शंकर लाल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही रेणु को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष की ओर से कार और नकदी की मांग कर उसे परेशान किया जाता था। बेटी की शिकायतों के बाद करीब डेढ़ महीने पहले दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी, जिसमें आगे से प्रताड़ित नहीं करने की बात तय हुई थी।

पिता का कहना है कि अस्पताल में बेटी के सिर पर धारदार हथियार से चोट का निशान, गले पर मारपीट के निशान और हाथ की एक अंगुली टूटी हुई मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने मारपीट कर उसकी हत्या की और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।

उपनिरीक्षक आशीष कुमार के अनुसार पुलिस को सुबह करीब 10:30 बजे रेणु के फंदा लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले जा चुके थे। पूछताछ में बताया गया कि सुबह झगड़े के बाद रेणु कमरे में चली गई थी और अंदर से दरवाजा बंद कर चुन्नी से फंदा लगा लिया था। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पिता की शिकायत पर पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here