जयपुर। नृत्यम् फाउंडेशन की टीम ने वार्ड संख्या 87 की नवनिर्वाचित भाजपा पार्षद प्रतिभा शर्मा से मुलाकात कर उन्हें जीत की बधाई दी। इस दौरान प्रवासी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भीम सिंह कासनिया भी मौजूद रहे। फाउंडेशन के सदस्यों ने पार्षद का अभिनंदन करते हुए वार्ड के विकास और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।
नृत्यम् फाउंडेशन की निदेशक काजल सैनी ने बताया कि बैठक में वार्ड की विभिन्न समस्याओं के समाधान के साथ क्षेत्र के समग्र विकास पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही वार्ड की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। नृत्यम् फाउंडेशन की टीम ने महिलाओं को रोजगारपरक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मिलकर कार्य करने की बात कही।
नवनिर्वाचित पार्षद प्रतिभा शर्मा ने वार्ड वासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा और समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास में सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर मनीषा यादव, मनीषा सैनी, संतोष सैनी, अनीता सैनी, इंदिरा सैनी, गजराज शेखावत और चेतन सैनी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



















