जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे कुख्यात तस्कर सोनू सांसी (30) को उत्तर प्रदेश के कोसी कलां (मथुरा) से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने जयपुर से आगरा, प्रयागराज और मथुरा तक आरोपी का पीछा किया और उसकी बुआ के घर पहुंचने से पहले घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए केवल वाट्सऐप कॉल का इस्तेमाल करता था।
डीसीपी जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने सोनू की पत्नी रेखा सांसी को 7.15 ग्राम स्मैक और 17,200 रुपए के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने स्मैक पति द्वारा लाकर देने की बात बताई। सोनू ट्रांसपोर्ट नगर थाने के दो अन्य मामलों में भी वांछित था।
इस पर ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से आरोपी के आगरा जाने की सूचना मिली। टीम ने यूपी पहुंचकर आगरा, प्रयागराज और मथुरा में उसका पीछा किया। कोसी कलां में आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी छगन डांगी ने बताया कि पुलिस के अनुसार सोनू सांसी के खिलाफ जयपुर पूर्व के ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर और कानोता, जयपुर पश्चिम के मुरलीपुरा, दौसा के सैंथल और सीकर के दांतारामगढ़ थानों में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में 14 मामले दर्ज हैं। उसकी पत्नी रेखा के खिलाफ भी एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के छह मामले दर्ज हैं और वह जेल में/जैर ट्रायल है।
पुलिस आरोपी से स्मैक की सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य तस्करों के बारे में पूछताछ कर रही है।



















