कैंसर की शुरुआती पहचान पर जोर: जयपुर में जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ

0
53

जयपुर। पेट से जुड़े कैंसरों की रोकथाम, शुरुआती पहचान और आधुनिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 मई को जयपुर में ‘एब्डॉमिनल कैंसर डे 2026’ का आयोजन किया जाएगा। एब्डॉमिनल कैंसर ट्रस्ट द्वारा फोर्टिस हॉस्पिटल और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट (आईआईईएमआर) के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम सी-स्कीम स्थित होटल हॉलिडे इन में होगा। खास बात यह है कि यह आयोजन जयपुर सहित दुनिया के विभिन्न शहरों में एक साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि एब्डॉमिनल कैंसर के प्रति वैश्विक स्तर पर जागरूकता फैलाई जा सके।

कार्यक्रम का पोस्टर राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर और जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने लॉन्च किया। इस दौरान एब्डॉमिनल कैंसर ट्रस्ट एवं एब्डॉमिनल कैंसर डे के फाउंडर डॉ. संदीप जैन ने कहा कि एब्डॉमिनल कैंसर के अधिकांश मामलों में समय पर स्क्रीनिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य विशेषज्ञों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान बढ़ाने के साथ आमजन को भी शुरुआती पहचान के महत्व के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम की मुख्य थीम “प्रिवेंटिव जीआई ऑनकोलॉजी” रखी गई है। इसके तहत कोलन, गैस्ट्रिक, लिवर, पैंक्रियाटिक और गॉलब्लैडर कैंसर सहित पेट से जुड़े विभिन्न कैंसरों की रोकथाम, स्क्रीनिंग और शुरुआती पहचान पर विशेष चर्चा होगी।

वैज्ञानिक सत्रों में कोलोरेक्टल कैंसर की शुरुआती स्क्रीनिंग के लिए कोलोनोस्कोपी, गॉलब्लैडर कैंसर की रोकथाम, अल्कोहल से संबंधित लिवर सिरोसिस एवं एचसीसी की रोकथाम तथा एआई आधारित एंडोस्कोपी के माध्यम से शुरुआती पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।

कार्यक्रम में डॉ. संदीप जैन, डॉ. एसएस शर्मा सहित देश के कई वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञ भाग लेंगे। आयोजन को कैंसर जागरूकता और रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here