जयपुर। करधनी थाना इलाके में दिन-दहाड़े एक फ्लैट में चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों रुपए के गहने और नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय पति-पत्नी दोनों नौकरी पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला।
पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात गुरुवार को करधनी क्षेत्र के गोकुलपुरा स्थित एक फ्लैट में हुई। करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि फ्लैट में प्रतीक (31) अपनी पत्नी मीना के साथ किराये पर रहते हैं। गुरुवार सुबह दोनों फ्लैट पर ताला लगाकर अपनी-अपनी नौकरी पर चले गए थे।
इसी दौरान बदमाशों ने सूने फ्लैट को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोर अलमारियों में रखे लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ले गए।
शाम करीब साढ़े छह बजे जब पति-पत्नी वापस लौटे तो फ्लैट का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से गहने और नकदी गायब मिलने पर उन्होंने तुरंत करधनी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।



















