फूड सेफ्टी टीम ने सीज किया 1 हजार 155 किलो मिलावटी सरसों का तेल

0
165

जयपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से प्रदेश में चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने मंगलवार की सुबह चाकसू के टिगरिया रोड स्थित फर्म मैसर्स चारभुजा ट्रेडर्स पर कार्यवाही करते हुए लगभग 1 हजार 155 किलो मिलावटी सरसों का तेल सीज किया।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पूर्व में जिन फर्मों के नमूने अमानक पाए गए हैं उन पर कार्यवाही के क्रम में मंगलवार को फूड सेफ्टी टीम ने यह कार्यवाही की। जानकारी करने पर पता चला कि त्योहारी सीजन में व्यापारी सुबह जल्दी 9 बजे तक तेल के टीन सप्लाई करके फैक्ट्री बंद कर देता है। जिस पर टीम सुबह 8 बजे फैक्ट्री पर पहुंच गई।

मालिक मनोज गुप्ता जाने की तैयारी में था। जहां टीम द्वारा निरीक्षण करने पर सरसों तेल के 50 टीन रखे हुए थे। जिन पर कोई लेबल—निर्माण, उपयोग दिनांक और फैक्ट्री का नाम पता अंकित नहीं था। इस प्रकार बिना नाम पता अंकित किए सरसों का तेल बेचा जाना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन है और मिलावट का अंदेशा जाहिर करता है। वहीं परिसर में एक टैंक में लगभग 300 लीटर सरसों का तेल भरा हुआ था। जिसमें से टीन भरकर मार्केट में सप्लाई किए जा रहे थे। मौके पर टैंक में से 27 टीन भरवाए गए।

मिलावट का अंदेशा होने पर सरसों के तेल के नमूने लेकर 77 टीन कुल 1 हजार 155 किलो सरसों तेल को टीम द्वारा अग्रिम आदेशों तक सीज किया गया। पूर्व में भी इस फैक्ट्री से लिए गए सरसों के तेल के नमूने अमानक पाए गए थे । जिन में न्यायालय द्वारा जुर्माना कर दंडित किया गया था।

टीम द्वारा पूछताछ में मनोज गुप्ता ने बताया कि आसपास के गांव में सप्लाई करता है। मौके खाद्य कारोबार करने के लिए अनिवार्य फूड लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। मौके पर टीम द्वारा टैंक के नोजल और पैकिंग मशीन को सील करते हुए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के नियमानुसार कार्य नहीं करने पर मनोज गुप्ता को अग्रिम आदेशों तक फर्म में किसी भी प्रकार का खाद्य कारोबार नहीं करने के लिए पाबंद कर फर्म को नोटिस जारी किया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान एवं राजेश नागर शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here