जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बांसवाड़ा टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए वन नाका तलवाड़ा वन रेंज गढ़ी जिला बांसवाड़ा के वनरक्षक भूपेश पाटीदार को पांच हजार रुपये रिश्वत राशि लेते गिरफ्तार किया गया है। एसीबी बांसवाड़ा पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी कि वह वन विभाग के क्षेत्र के बाहरी क्षेत्र की वन भूमि पर काफी समय से काबिज होकर कृषि कार्य करता आ रहा था।
उक्त भूमि के संबंध में वन विभाग द्वारा पट्टे के लिए सत्यापन कर पत्रावली तैयार कर आगे भेजी जा रही थी। उक्त पट्टा पत्रावली को आगे बढ़ाने एवं वन पट्टा पत्रावली देने की एवज में वनरक्षक भूपेश पाटीदार द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी। जिस पर रिश्वत राशि की मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान वनरक्षक भूपेश पाटीदार द्वारा परिवादी की पट्टा फाइल देने की एवज में वार्ता के दौरान 6 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग की गई।
परिवादी द्वारा निवेदन करने पर आरोपी वनरक्षक द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत राशि लेने पर सहमति व्यक्त की गई। जिस पर एसीबी बांसवाड़ा की टीम ने ट्रेप की कार्रवाई करते हुए वनरक्षक भूपेश पाटीदार को परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत राशि अपने हाथों से ग्रहण करते गिरफ्तार किया गया।



















