नाई की थड़ी फार्म हाउस हमले के चार आरोपी गिरफ्तार

0
39

जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने नाई की थड़ी क्षेत्र में एक फार्म हाउस में चल रही दावत के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दावत में मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था, जिसमें 3-4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 1 जून 2026 की रात नाई की थड़ी क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस में दावत का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचे और क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने की नीयत से दावत में शामिल लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।

घटना के संबंध में घायल पक्ष की रिपोर्ट पर जयसिंहपुरा खोर थाने में मुकदमा संख्या 219/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर प्रथम) नीरज पाठक के सुपरविजन तथा एसीपी सूरेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थानाधिकारी मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रतन लाल, कांस्टेबल गंगाधर, प्रदीप कुमार तथा साइबर टीम के नंदूराम को शामिल किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मामले में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाजिम कुरैशी उर्फ पाले (24), मोहम्मद समीर उर्फ बब्बर (26), साजिद खान उर्फ गन्नी (20) तथा सुफियान कुरैशी उर्फ बच्चा (21) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नाई की थड़ी क्षेत्र में लोगों को डराने-धमकाने और मारपीट कर दहशत फैलाने के लिए कुख्यात हैं। इनके आतंक के कारण स्थानीय लोग इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी कतराते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नाजिम कुरैशी उर्फ पाले के खिलाफ विभिन्न थानों में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद समीर उर्फ बब्बर और साजिद खान उर्फ गन्नी के खिलाफ एक-एक मामला तथा सुफियान कुरैशी उर्फ बच्चा के खिलाफ दो मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य फरार आरोपियों की तलाश तथा घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडों की बरामदगी के लिए गहन अनुसंधान कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here