गोविंद देवजी मंदिर में सजा भव्य फूल बंगला: फूलों की पोशाक में दिए अलौकिक दर्शन

0
95

जयपुर। ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज में रविवार को जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के तहत आयोजित फूल को डोल मनोरथ में श्रद्धालुओं को भव्य फूल बंगला झांकी के अलौकिक दर्शन हुए। श्रीमन्माध्व गौड़ेश्वर आचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में आयोजित इस विशेष मनोरथ में ठाकुर श्री गोविंद देवजी महाराज एवं राधारानी का फूलों से सुसज्जित मनोहारी स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।

मंदिर परिसर स्थित ‘श्री गोविंद धाम’ में आयोजित इस विशेष झांकी में ठाकुर जी को रंग-बिरंगे पुष्पों से निर्मित विशेष पोशाक धारण करवाई गई। साथ ही फूलों से तैयार मुकुट, हार एवं अन्य आभूषणों से उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और अपने आराध्य के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर भाव विभोर हो उठे।

लीला दर्शन श्रृंखला के अंतर्गत ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी महाराज के समक्ष श्री गौरांग महाप्रभु एवं श्री नित्यानंद महाप्रभु द्वारा हरिनाम संकीर्तन किए जाने के भाव का भी सजीव प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अवसर पर ठाकुर जी के सिंहासन को विविध प्रकार के पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने झांकी की शोभा को और अधिक आकर्षक बना दिया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार वर्तमान में आयोजित की जा रही लीला दर्शन श्रृंखला गौड़ीय वैष्णव परंपरा एवं पूर्व आचार्यों द्वारा रचित पदावलियों की भावना के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है। श्रद्धालु अपने आराध्य के प्रति प्रेम और भक्ति भाव प्रकट करते हुए इन मनोरथों में सहभागिता निभा रहे हैं।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को अमावस्या के अवसर पर विशेष दर्शन आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु प्रातः 11.15 बजे से 11.45 बजे तक ठाकुर जी के जल यात्रा उत्सव के विशेष दर्शन कर सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here