गोपाल बाड़ी में वृक्षारोपण एवं परिंडा अभियान: 400 से अधिक लोगों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

0
54

जयपुर। पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के संरक्षण के उद्देश्य से वार्ड 98 स्थित गोपाल बाड़ी के शिव मंदिर पार्क में रविवार को वृक्षारोपण एवं परिंडा अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में क्षेत्र के 400 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरियाली बढ़ाने और पक्षियों के लिए जल उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गोपाल शर्मा ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने पक्षियों के लिए परिंडे भी लगाए और उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

अभियान के दौरान पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाए गए तथा विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम संयोजक अंशुल शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह, युवाओं का सहयोग और वरिष्ठजनों का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है। जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में हरदोई गढ़ी विकास समिति के अध्यक्ष विपिन शर्मा, राजेंद्र शर्मा, लल्लू लाल शर्मा, अर्चना शर्मा, नरेंद्र शर्मा, संतोष शर्मा, रवि प्रकाश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंत में संयोजक अंशुल शर्मा ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here