ई-रिक्शा में जेमस्टोन कारोबारी के बैग से दो करोड़ के रत्न चोरी करने वाली गुजरात की महिला गिरफ्तार

0
28

जयपुर। माणक चौक थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने ई-रिक्शा में सफर कर रहे जेमस्टोन कारोबारी के बैग से करोड़ों रुपए के कीमती रत्न चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए गुजरात निवासी महिला आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो करोड़ रुपए से अधिक कीमत के चोरी हुए रत्न शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। मामले में पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

जयपुर उत्तर के पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर को माणकचौक थाने में जेमस्टोन कारोबारी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रत्नों के कारोबार में दलाली का काम करता है और विभिन्न व्यापारियों के कीमती रत्नों के पैकेटों का लेन-देन और परिवहन करता है।

रिपोर्ट के अनुसार, 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:21 बजे वह ई-रिक्शा में गोपाल जी के रास्ते से सांगानेरी गेट की ओर जा रहा था। उसके पास जेमस्टोन के 13 पैकेट थे, जिन्हें अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। चोरी हुए माल में 11.52 कैरेट के दो एमरल्ड राउंड, 144.60 कैरेट की चार एमरल्ड मणियां और 942.52 कैरेट वजन के एमरल्ड के 11 अन्य पैकेट शामिल थे।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया तथा डीएसटी प्रभारी दिलीप सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में परिवादी के साथ ई-रिक्शा में सफर कर रही एक संदिग्ध महिला की पहचान हुई।

माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के अनुसार महिला पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए मुख्य बाजार की गलियों में बार-बार ऑटो और ई-रिक्शा बदल रही थी। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र से उसके गुजरात निवासी होने तथा वारदात के बाद सायपुरा की झुग्गी-बस्ती में छिपने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों में खरीदारी करने का दिखावा करते हुए कीमती सामान लेकर चलने वाले लोगों पर नजर रखती थी। इसके बाद उनका पीछा कर सफर के दौरान मौका मिलने पर सामान चोरी कर लेती थी। पकड़े जाने से बचने के लिए वह बार-बार वाहन बदलती थी। इस मामले में भी महिला जौहरी बाजार में सक्रिय थी और कारोबारी का पीछा करते हुए उसके ई-रिक्शा में सवार हुई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here