छह राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना पांच हजार का इनामी हार्डकोर बदमाश गिरफ्तार

0
48
Hardcore Criminal with ₹5,000 Bounty—a Headache for Police in Six States—Arrested
Hardcore Criminal with ₹5,000 Bounty—a Headache for Police in Six States—Arrested

जयपुर। विधायकपुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने पांच हजार रुपए के इनामी हार्डकोर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में चोरी, लूट, डकैती और हत्या जैसी गंभीर वारदातों में वांछित था।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षिराज ने बताया कि आरोपित विजय लाम्बा 28 जनवरी 2026 को भागीरथ कॉलोनी स्थित एक मकान में हुई लाखों रुपए की नकदी और जेवरात चोरी की वारदात का मुख्य सरगना है। इस घटना के संबंध में परिवादिया रचना सबीखी ने विधायकपुरी थाने में मामला दर्ज कराया था कि 28 जनवरी की शाम परिवार घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली, सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त थे और अलमारी में रखे लाखों रुपए के गहने व नकदी गायब मिले। इस मामले में विधायकपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इधरघटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त अशोक नगर बालाराम के सुपरविजन में थानाधिकारी नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 25 लाख रुपए नकद और लाखों के गहने बरामद किए थे। इसके बाद में तकनीकी इनपुट और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी विजय लाम्बा की तलाश की गई।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है और वहां वांछित चल रहा है। इसके बाद जयपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर केंद्रीय जेल बिलासपुर से आरोपी विजय लाम्बा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की राशि में से 2.50 लाख रुपए नकद और बरामद किए गए। इस तरह पूरे मामले में अब तक कुल 27.50 लाख रुपए नकद और लाखों के गहने बरामद किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार 52 वर्षीय विजय लाम्बा मूल रूप से विकासपुरी, नई दिल्ली का निवासी है और वर्ष 1995 से अधिकतर समय जेल में रहा है। हत्या के एक मामले में वर्ष 2023 में जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से अपनी गैंग सक्रिय कर दी थी। आरोपी पॉश इलाकों और ज्वेलरी शोरूम की रेकी कर रात के समय सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अन्य राज्यों में हुई चोरी और लूट की कई बड़ी वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here