जयपुर। बस्सी के खिजूरिया जाटान स्थित वीर तेजा गौशाला समिति को गोचर भूमि आवंटित करने की मांग को लेकर चल रहा विवाद अब गहराता जा रहा है। रविवार को आंदोलनकारियों ने अपने तेवर कड़े करते हुए अनिश्चितकालीन धरने को और तेज कर दिया है। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं गौसेवा संगठनों के इस आंदोलन में कूदने के बाद इलाके में प्रशासनिक और सुरक्षात्मक सतर्कता बढ़ा दी गई है। आंदोलनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धरना स्थल पर पहुंचे सम्पूर्ण राष्ट्रीय हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय गौरव ने प्रशासनिक तंत्र को सीधे तौर पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सैकड़ों निराश्रित गोवंश की सुरक्षा का जिम्मा सरकार का है। विजय गौरव ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही गोचर भूमि के आवंटन पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संगठन पूरे प्रदेश में जन जागरण अभियान चलाकर चक्का जाम और व्यापक जन आंदोलन के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
जयपुर जिला गौ सांसद सुरेन्द्र सिंह अंचलपुरा ने इस विवाद के कारण पैदा होने वाले संभावित नागरिक संकट पर चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते गौशाला को पर्याप्त भूमि नहीं मिली, तो सैकड़ों गोवंश सड़कों पर आने को विवश हो जाएंगे। इससे न केवल सड़कों पर भीषण दुर्घटनाएं बढ़ेंगी, बल्कि कानून व्यवस्था और सुरक्षा की गंभीर स्थिति भी पैदा हो सकती है।
खुफिया तंत्र और पुलिस प्रशासन भी इस आंदोलन पर नजर बनाए हुए है। धरने में रामअवतार शर्मा (आंधी), अशोक शर्मा, विकास मीणा, सुनील गोदारा, शंकर लाम्बा, राहुल सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और साधु-संत जुटे हुए है।


















