वायरल वीडियो के आधार पर मनीष सैनी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

0
64

जयपुर। सोशल मीडिया पर वायरल बर्बरता के एक वीडियो के आधार पर विधायकपुरी थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मनीष सैनी (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर पकड़ा गया। उसके खिलाफ करीब तीन दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी हाल ही में मालवीय नगर थाने के एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार होकर जेल में बंद था। वायरल वीडियो में वह होटल शिव महिमा जगन पथ क्षेत्र के सामने बीच सड़क दो युवतियों को कार से खींचकर उनके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना 25-26 दिसंबर की रात की बताई गई है।

डीसीपी साउथ राजश्री राज ने बताया कि वीडियो की गंभीरता को देखते हुए विधायकपुरी थाना पुलिस ने बिना शिकायत के स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया। हालांकि भय के कारण पीड़िताओं ने शिकायत दर्ज नहीं कराई और उनकी पहचान भी सामने नहीं आ सकी।

थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग एवं सार्वजनिक स्थान पर मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। एडिशनल डीसीपी साउथ ललित किशोर शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से जयपुर सेंट्रल जेल में बंद है। जिसके बाद प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत की गई है, ताकि असामाजिक तत्वों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here